डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन को बड़ी उपलब्धि
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग ने माइक्रोबायोलॉजी में एमडी की 3 सीटों के लिए की अनुमति प्रदान
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर के नाहन स्थित डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को बड़ी सफलता मिली है। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन को राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग ने माइक्रोबायोलॉजी में एमडी की 3 सीटों के लिए अनुमति प्रदान कर दी है।
इस सिलसिले में नेशनल मेडिकल कमिशन की ओर से बकायदा मेडिकल कॉलेज नाहन के प्रधानाचार्य को एक अनुमति पत्र प्राप्त हो गया है। जिसमें स्पष्ट तौर पर मेडिकल कॉलेज नाहन में माइक्रोबायोलॉजी में एमडी के लिए 3 सीटों की स्वीकृति प्रदान की गई है।
अब शैक्षिक सत्र 2023-24 में मेडिकल कॉलेज नाहन में माइक्रोबायोलॉजी में 3 डॉक्टर एमडी की पढ़ाई कर पाएंगे। इसके लिए तमाम औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है तथा मेडिकल कॉलेज नाहन को नेशनल मेडिकल कमिशन में गठित मेडिकल एसेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड से अनुमति भी प्रदान हो गई है।
गौर हो कि नाहन में हिमाचल प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार द्वारा करीब 6 वर्ष पूर्व नाहन में डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई थी। मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस के 2 बैच पास आउट हो चुके हैं।
अब मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में करीब 600 प्रशिक्षु चिकित्सक एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। अब मेडिकल कॉलेज नाहन को एक उपलब्धि हाथ लगी है जिसमें अब मेडिकल कॉलेज नाहन में माइक्रोबायोलॉजी में एमडी के लिए 3 सीटों की स्वीकृति राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग द्वारा प्रदान की गई है।
राष्ट्रीय मेडिकल कमीशन द्वारा यह भी स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि तमाम औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करनी होगी तथा 2 सप्ताह के भीतर राष्ट्रीय मेडिकल कमिशन को तीनों सीटों को भरने का ब्यौरा प्रस्तुत करना होगा।
उधर राष्ट्रीय मेडिकल कमीशन से एमडी माइक्रोबायोलॉजी की 3 सीटों की स्वीकृति की पुष्टि करते हुए डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के प्रिंसिपल डॉ. श्याम कौशिक ने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए माइक्रोबायोलॉजी में एमडी के लिए 3 सीटें भरी जाएगी।उन्होंने कहा कि इसकी तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है।
