ढांक में मिला मजदूर का शव, जाँच में जुटी पुलिस
HNN/चंबा
जिला चंबा के नकरोड़ में जंगेला ढांक में 70 मीटर नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान भीखम राम पुत्र खड़गू निवासी गांव अपर पथवाल डाकघर चांजू के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, भीखम राम पखरा धार में ठेकेदार की लेबर के रूप में कार्य कर रहा था। पेयजल लाइन डालने का कार्य चल रहा था। रविवार शाम को वह धार से अपने घर वापिस आया।
उसके जाने के बाद दो अन्य लोग घर के लिए निकले, लेकिन भीखम रात को घर नहीं पहुंचा। जब भीखम राम घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने दो अन्य लोगों से उसके बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि भीखम राम उनसे पहले ही घर के लिए निकल गया था। जिसके बाद वह उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान जब ग्रामीण धार को जाने वाले रास्ते में उसकी तलाश कर रहे थे तो जंगेला ढांक में 70 मीटर नीचे उसका शव बरामद हुआ।
जिसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी नकरोड़ की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी अभिषेक यादव ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।