ढाबे पर काम करने वाले युवक की हत्या, 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
HNN/ चंबा
जिला चंबा में भरमौर क्षेत्र के लूणा में एक युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अभिमन्यु (25) पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी गांव लोधुआ गंगवाल तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। मृतक के शव को रावी नदी से बरामद किया गया है। वहीं इस मामले में 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिनमे से कुछ को गिरफ्तार भी कर लिया है। फ़िलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अभिमन्यु 16 नवंबर को अचानक ही कहीं लापता हो गया था। जिसके बाद परिजनों ने उसकी काफी तलाश की परन्तु उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने बताया कि अभिमन्यु लूणा में एक ढाबे में काम करता था और वहीँ से गायब हुआ है। जिसके बाद अब युवक का शव सोमवार को रावी नदी से बरामद हुआ है।
अभिमन्यु के भाई भीष्म ने बताया कि 16 नवंबर को उसके भाई अभिमन्यु ने फोन करके उसे बताया था कि 14 लोगों ने ढाबे में हमला कर दिया है। अभिमन्यु ने बताया था कि वह वहां से जान बचाकर भाग गया था। भीष्म ने बताया कि इसके बाद अचानक ही अभिमन्यु के दोनों मोबाइल नंबर स्विच ऑफ हो गए थे। अभिमन्यु के भाई भीष्म ने 15 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया जिसमें ढाबा संचालक भी शामिल है। भरमौर पुलिस थाना प्रभारी हरनाम सिंह ने मामले की पुष्टि की है।