तलारा गांव के 36 वर्षीय युवक का शव खाई से बरामद, झाखड़ी पुलिस ने साथी को किया गिरफ्तार
रामपुर उपमंडल के झाखड़ी थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब तलारा गांव के 36 वर्षीय युवक की लाश गहरी खाई से बरामद हुई। पुलिस ने मृतक के साथी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है।
शिमला
शादी समारोह से लौटते वक्त हुई कहासुनी
पुलिस के अनुसार यह घटना 27 अक्टूबर की रात की है जब मृतक राम लाल अपने साथी जीवन के साथ गणवी गांव में एक शादी समारोह से लौट रहा था। रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और वे कार से उतर गए। इसके बाद राम लाल लापता हो गया।
गहरी खाई से बरामद हुआ शव
अगले दिन सुबह स्थानीय लोगों की मदद से चलाए गए सर्च ऑपरेशन में गणवी-जेओरी लिंक रोड पर कानू मोड़ के पास जंगल में गहरी खाई से उसका शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही झाखड़ी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस ने मृतक के भाई हीरा लाल के बयान पर मामला दर्ज किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने जुटाए हैं ताकि मामले की सटीक जांच हो सके।
साथी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
झाखड़ी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी जीवन, जो मृतक का हमगांव है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि घटना के पीछे के कारणों की पूरी जानकारी मिल सके।
जांच जारी, रिपोर्ट से खुलेगा राज़
प्रारंभिक जांच में किसी हथियार के इस्तेमाल के साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के तरीके और समय की पूरी पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।