तुनुहट्टी बैरियर पर चिट्टे संग पकड़ा गया बिहार निवासी युवक, चुवाड़ी थाने में केस दर्ज
चंबा
रात के समय नाके पर चैकिंग के दौरान बाइक सवार के पास से मिली 2.27 ग्राम चिट्टा, पुलिस ने मौके पर दबोचा
नाकाबंदी के दौरान युवक पर पुलिस को हुआ शक
जिला चंबा के प्रवेशद्वार तुनुहट्टी में पुलिस ने देर रात चैकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया, जिससे पुलिस को शक हुआ। तलाशी लेने पर युवक के पास से 2.27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
बिहार निवासी युवक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी की पहचान जसवीर खारवाल पुत्र किशोरी खारवाल निवासी गांव घुसरी, डाकघर कटिहार, जिला पश्चिम चंपारण (बिहार) के रूप में की। आरोपी को मौके पर हिरासत में लेकर चुवाड़ी थाना ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
डीएसपी ने की मामले की पुष्टि
इस कार्रवाई की पुष्टि डीएसपी चुवाड़ी योगराज चंदेल ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि चिट्टा कहां से लाया गया और इसका मकसद क्या था।
पुलिस जुटी आगे की जांच में
पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था और यह नशे की खेप कहां ले जाई जा रही थी। नाके पर तैनात मुख्य आरक्षी अरविंद थापा के नेतृत्व में यह कार्रवाई अंजाम दी गई थी।
