शिमला
विशेष डिटेक्शन टीम की बड़ी कार्रवाई , पंजाब निवासी आरोपी गिरफ्तार
हिमाचल पुलिस की विशेष डिटेक्शन टीम ने 14 मई 2025 को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1.084 किलो चरस बरामद की है। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया है।
नाका देखकर भागा आरोपी, जंगल में पकड़ा गया
पुलिस ने बताया कि टीम ने फोरलेन पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान एक अल्टो कार तेज़ रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी और भागने लगा। जैसे ही कार आरटीओ बैरियर के पास पहुंची, एक युवक नारंगी रंग के पार्सल के साथ गाड़ी से उतरा और जंगल की ओर भाग गया।
पुलिस टीम की तत्परता से चरस के साथ पकड़ा गया आरोपी
भाग रहे युवक को पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 1.084 किलो चरस बरामद हुई। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप सिंह (30 वर्ष), निवासी एसएएस नगर, मोहाली (चंडीगढ़) के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह चरस कहां से लेकर आया और किसे सप्लाई करने जा रहा था।
हिमाचल में नशे के खिलाफ लगातार सख्ती
हिमाचल पुलिस की यह कार्रवाई प्रदेश में बढ़ते नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

