तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में पंजाब निवासी की मौत
HNN/ऊना
जिला ऊना से एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है जहां हरोली के अंतर्गत आने वाले भदसाली में एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई है जबकि एक घायल है। पुलिस द्वारा अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक की पहचान संदीप कुमार निवासी गांव गुज्जर कलां, नवांशहर, पंजाब के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान हरजीत कुमार निवासी गांव मरूला गढ़शंकर, जिला होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर पीरनिगाह माथा टेकने जा रहे थे। इसी दौरान जब वह भदसाली पहुंचे तो ऊना की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने अचानक बाइक की पिछली तरफ टक्कर मार दी। हादसे में संदीप कुमार की मौत हो गई और हरजीत घायल हो गया। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जिसके बाद हरजीत ने कार चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पूरा मामला बताया। पुलिस ने हरजीत की शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मोहन रावत डीएसपी हरोली द्वारा मामले की पुष्टि की गई। उन्होंने बताया कि मामला की जांच की जा रही है।