तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे सो रहे व्यक्ति की मौत
HNN/सोलन
जिला सोलन में बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है जहां एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान चंदन कुमार पुत्र सहदेव पटेल गांव बनकट, तहसील बनराज, जिला मुज्जफर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, चंदन कुमार बद्दी थाने के पास सड़क के किनारे सो रहा था कि अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद डाला। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। हादसे में चंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे स्थानीय लोगों द्वारा उपचार के लिए बद्दी अस्पताल ले जाया गया।
जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन चंदन कुमार पीजीआई चंडीगढ़ तक का सफर तय नहीं कर सका और उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम हो जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी प्रियंक गुप्ता द्वारा की गई है।