पीएमजीएसवाई के तहत 21.50 किलोमीटर मार्ग का जीर्णोद्धार कार्य लगभग पूरा; सोलन और शिमला जाने वाले यात्रियों को मिली बड़ी राहत
नाहन:
सिरमौर जिला के सैनधार इलाके की लाइफलाइन कही जाने वाली ददाहू-पनार-बेचड़ का बाग सड़क पर अब सफर करना यात्रियों और वाहन चालकों के लिए बेहद सुगम और मजेदार हो गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत लगभग 18.60 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि से इस 21.50 किलोमीटर लंबी सड़क का अपग्रेडेशन कार्य अब अपने अंतिम चरण में है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
हाल ही में इस मार्ग पर टारिंग (तारकोल बिछाने) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जिससे दशकों से खस्ताहाल सड़क और तंग रास्तों की समस्या से जूझ रहे हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है।

इस परियोजना के तहत न केवल सड़क को चौड़ा किया गया है, बल्कि नमी वाले संवेदनशील हिस्सों पर इंटरलॉक टाइलें भी लगाई गई हैं ताकि सड़क लंबे समय तक सुरक्षित रहे। अक्सर देखा जाता है कि जिन स्थानों पर धूप कम लगती है या नमी ज्यादा रहती है, वहां तारकोल वाली सड़क जल्दी टूट जाती है, लेकिन विभाग ने इस बार आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला है।
भौगोलिक दृष्टि से यह सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह सिरमौर को जिला सोलन के ओच्छघाट से जोड़ती है। इसके साथ ही यह मार्ग बेचड़ का बाग से आगे बड़ू साहिब, खैरी और राजगढ़ जैसे प्रमुख केंद्रों को भी आपस में कनेक्ट करता है।

दशकों पुरानी इस सड़क की हालत पिछले कुछ वर्षों में काफी जर्जर हो गई थी और सड़क तंग होने के कारण दो वाहनों का एक साथ गुजरना भी चुनौतीपूर्ण था। निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार को चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों और बरसात के कारण हुए भूस्खलन का भी सामना करना पड़ा, जिससे कई डंगे ध्वस्त हो गए थे, जिन्हें विभाग ने दोबारा मजबूती से तैयार करवाया है।
अब सड़क पर पुलिया, कलवर्ट और डंगों का निर्माण कार्य तकरीबन पूरा हो चुका है और वर्तमान में केवल पानी की निकासी के लिए ड्रेनेज जैसे छुटपुट फिनिशिंग कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है।
इस सड़क के सुधरने से सैनधार क्षेत्र की आधा दर्जन से अधिक पंचायतों की हजारों की आबादी सीधे तौर पर लाभान्वित हो रही है। ददाहू, राजगढ़, बड़ू साहिब, बागथन और सराहां जाने वाले सैकड़ों वाहन चालक अब इसी सुगम मार्ग का उपयोग कर रहे हैं।
विशेष रूप से बड़ू साहिब आने वाले बाहरी राज्यों के पर्यटकों के लिए भी यह सड़क अब पहली पसंद बन गई है क्योंकि सोलन और शिमला जाने के लिए यह एक ‘शॉर्टकट’ मार्ग प्रदान करती है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ई. दलीप चौहान ने पुष्टि की है कि सड़क का जीर्णोद्धार कार्य लगभग पूरा हो चुका है और टारिंग के बाद अब शेष बचे छोटे-मोटे कार्यों को तेजी से निपटाया जा रहा है, जिससे भविष्य में आवाजाही और भी सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





