ददाहू मंडी की जमीन पर अवैध कब्जों का मामला पहुंचेगा कोर्ट
Himachalnow / सिरमौर
एक दर्जन से अधिक कब्जाधारियों के जवाब असंतोषजनक, अब एसडीएम कोर्ट में होगी सुनवाई
नाहन
ददाहू स्थित कृषि उपज मंडी समिति की जमीन पर अवैध कब्जों का मामला अब न्यायालय में पहुंचेगा। मंडी समिति द्वारा करीब एक दर्जन से अधिक कथित कब्जाधारियों के जवाबों को असंतोषजनक पाए जाने के बाद प्रकरण को एसडीएम कोर्ट नाहन में भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
मंडी समिति के अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करते हुए लगभग एक वर्ष पूर्व कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने को कहा गया था। लंबे समय के बाद संबंधित लोगों द्वारा अपने जवाब प्रस्तुत किए गए, लेकिन निर्धारित मानकों के अनुसार कोई भी जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।उन्होंने बताया कि अब पूरे मामले को कानूनी प्रक्रिया के तहत एसडीएम कोर्ट नाहन में विचाराधीन किया जाएगा, जहां अवैध कब्जों को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
वहीं कथित कब्जाधारियों का कहना है कि 1970 के दशक में गिरी नदी में आई बाढ़ के बाद प्रभावित लोगों को यह जमीन रहने के लिए उपलब्ध कराई गई थी। हालांकि राजस्व रिकॉर्ड में कब्जे की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण मामला और जटिल हो गया है।मंडी समिति का कहना है कि न्यायालय के माध्यम से ही अब इस पूरे प्रकरण का समाधान निकाला जाएगा, ताकि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जा सके।