दर्जी की दुकान में अचानक भड़की आग, पीड़ित को लाखों का नुक्सान
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर में नगर परिषद घुमारवीं के तहत शहर में एक दर्जी की दुकान में अचानक ही आग भड़क उठी। बता दें दुकान में रखी तीन सिलाई मशीन, एक इंटरलॉक मशीन, लकड़ी के दो बड़े काउंटर और अन्य सामान भी पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस हादसे में दुकानदार को करीब तीन लाख रुपए का नुक्सान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, तहसील रोड पर स्थित एक प्रवासी दर्जी अब्बास अंसारी की दुकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
जब स्थानीय लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखा तो उन्होंने तुरंत दुकान मालिक को इस बाबत सूचित किया। लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन जब तक आग बुझाई गई तब तक दुकान के अंदर रखे लोगों के नए और सिले हुए कपड़े पूरी तरह जल चुके थे।
दुकानदार ने बताया कि उसके पास तीन शादियों के कपड़े सिलाई करने के आए थे। जिनकी कीमत करीब एक से डेढ़ लाख रुपये थी। उधर, व्यापार मंडल प्रधान हेमराज संख्यान द्वारा दुकानदार को व्यापार मंडल की ओर से 11 हजार रुपए की राहत राशि प्रदान की गई है।