दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी टाटा सूमो, एक की मौत, दूसरा जख्मी
HNN/चंबा
जिला चंबा में सुंडला-बिहाली सड़क पर दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक गाड़ी खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान भुवनेश कुमार पुत्र ब्यास देव निवासी गांव गल, डाकघर टिकरू, तहसील सलूणी व जिला चम्बा के रूप में हुई है।
वहीं घायल चालक की पहचान दिलशाद पुत्र शफी मुहम्मद निवासी गांव पटेरनी, डाकघर खरोठी, तहसील सलूणी व जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना के संदर्भ में जाँच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो गाड़ी (एचपी 01के-5375) सुंडला से बिहाली सड़क पर जा रही थी। इस दौरान चुआनी नामक स्थान पर पहुंचते ही चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। वहीं सुंडला पंचायत उपप्रधान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से भुवनेश के शव और घायल चालक दिलशाद को खाई से निकाला। जिसके बाद उन्होंने घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया। वहीं मृतक के शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि गाड़ी चालक के खिलाफ तेज रफ्तारी और लापरवाही से गाड़ी चलने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं एसडीएम सलूणी नवीन कुमार बताया ने कि सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र के पटवारी को मौके का जायजा लेने के साथ रिपोर्ट शीघ्र कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए हैं।