दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी जीप, हादसे में 4 की मौत, 7 घायल
HNN/मंडी
जिला मंडी के कोटली उपमंडल के अंतर्गत आने वाले धन्यारा गांव के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां एक जीप गहरी खाई में गिर गई और हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीप (एचपी 02 एम 0704) में सवार अधिकतर लोग शादी समारोह से वापिस लौट रहे थे।
इसी दौरान जब जीप धन्यारा गांव के पास पहुंची तो अचानक गहरी खाई में गिर गई और जीप में सवार 11 लोग हादसे का शिकार हो गए। जिसमें से 3 महिलाएं और 1 पुरुष की मौत हो गई है। जबकि अन्य 7 लोग गंभीर घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी लोगों को जीप से बाहर निकाला।
जिसके बाद घायलों को एम्बुलेंस की मदद से कोटली अस्पताल लाया गया। जहां से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोनल हॉस्पिटल मंडी रैफर कर दिया गया है। तो वहीं शवों को कोटली अस्पताल में रखा गया है। इन्हें पोस्टमार्टम के लिए मंडी लाया जाएगा।
वहीं सुचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। एएसपी सागर चंद्र ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घायलों की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।