दर्दनाक हादसे में सराहां के 19 वर्षीय युवक की गई जान

By Ankita Published: 19 Dec 2023, 11:44 AM | Updated: 19 Dec 2023, 11:46 AM 1 min read

स्कूटी से जा रहा था पावंटा साहिब की ओर, ट्रक के साथ हुआ हादसा

HNN/ पावंटा साहिब

नाहन-पावंटा साहिब एनएच पर मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे के आसपास हुए सड़क हादसे में 19 साल के युवक की जान चली गई है। मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सराहां पच्छाद निवासी 19 वर्षीय अक्षय पुत्र गोपाल अपनी स्कूटी संख्या एचपी 16 ए ए 1077 से पावंटा साहिब की ओर जा रहा था।

वहीं दूसरी और तेज रफ्तार ट्रक संख्या एचपी 17एफ 3591 नाहन की ओर आ रहा था। इस दौरान बोहलियो के पास तीखे मोड पर स्कूटी ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गई। टक्कर इतनी खौफनाक थी कि टकराने की आवाज सुनकर गांव के लोग भी सड़क पर आ गए। इस हादसे में अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के द्वारा इसकी सूचना तुरंत नाहन सदर थाना में दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही सहायक निरीक्षक धर्मपाल अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस के द्वारा मृतक युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया। घटनास्थल से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु नाहन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।

इस दर्दनाक हादसे की खबर सुनकर पूरे सराहां क्षेत्र में मातम छा गया है। बताया जा रहा है अक्षय अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत के बाद परिवार पर विपत्तियों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पुलिस के द्वारा फिलहाल मामला अंतर्गत धारा 279 304 ए आईपीसी में दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Tags: