1600 से 1800 रुपये के बीच बिका सैनधार क्षेत्र के टमाटर का क्रेट
HNN/ नाहन
हिमाचल का लाल सोना कहे जाने वाले टमाटर के लगातार बढ़ते दामों ने जहां मध्यमवर्गीय परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है तो वहीं इन किसानों के चेहरों पर विशेष रौनक है। हों भी क्यों न… दरअसल, टमाटर का एक क्रेट यानी 25 किलो टमाटर 1600-1800 रुपये बिक रहा है। सिरमौर का टमाटर सीधे दिल्ली की तिलकनगर और आजादपुर मंडियों में पहुंच रहा है, जहां किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
जिला सिरमौर के पच्छाद, सैनधार, शिलाई व गिरिपार के कई हिस्सों से टमाटर दिल्ली की मंडियों पर कब्जा किए हुए हैं। बता दें कि देशभर में सिरमौरी टमाटर हिम सोना-816 और रेड गोल्ड वैरायटी ने गुणवत्ता व स्वाद में अलग पहचान बनाई है। हालांकि किसानों के अनुसार गत वर्ष की तुलना में मौजूदा दौर में टमाटर के दाम आधे हैं। चूंकि गत वर्ष भारी बारिश के चलते टमाटर की फसल बर्बाद हुई थी।
उत्पादन कम होने से पिछले साल टमाटर का क्रेट मंडियों में 3500 रुपये तक बिका था। सैनधार के टमाटर उत्पादन के अग्रणी किसान पनार निवासी श्रवण ठाकुर ने बताया कि टमाटर इस वर्ष कम बारिश के चलते प्रभावित हुआ है, मगर उसके बावजूद विगत दो माह से टमाटर के मंडी भाव 1600 से 1800 रुपए प्रति क्रेट उत्पादकों को मिले हैं। जिला के सैनधार से लाल सोना की अब तक देश की मंडियों में 100 से ऊपर गाड़ियां पहुंच चुकी हैं।
किसान श्रवण ठाकुर और हरिंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि सैनधार में नकदी फसल टमाटर की वर्ष में दो बार फसलें तैयार की जा रही हैं। आगामी एक माह तक गर्मियों के टमाटर का उत्पादन जारी रहेगा। जबकि बरसातों के सीजन का टमाटर भी किसान अब लगाने लगे हैं. इसके साथ साथ किसान लहसुन, मूली, शिमला मिर्च इत्यादि सब्जियों का सफलतापूर्वक उत्पादन किया जा रहा है।
कृषि उपनिदेशक डा. राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि जिला सिरमौर में वर्तमान में तीन लाख टन से अधिक का सब्जी उत्पादन किया जा रहा है। जिला सिरमौर में वर्तमान में लगभग 14 हजार हेक्टेयर भूमि पर सब्जी उत्पादन किया जा रहा है।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





