दिवाली की छुट्टी पर घर आए 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत
HNN/चंबा
जिला चंबा के गांव व पंचायत खदेट में दिवाली की छुट्टी पर हैदराबाद से घर लौटे 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रोहित पुत्र विशन सिंह निवासी खदेट के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित हैदराबाद में बतौर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था जोकि दिवाली की छुट्टी पर घर आया हुआ था। इसी दौरान वह अचानक ही घर पर अचेत होकर गिर पड़ा। जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए चुवाड़ी अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि रोहित की आठ महीने पहले ही शादी हुई थी। रोहित की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वहीं सुचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
एसपी अभिषेक यादव ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बतया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का खुलासा होगा। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।