Loading...

दुःखद: काम करते हुए फर्श पर गिरी गर्भवती महिला, माँ और बच्चा दोनों की मौत

Ankita • 4 Nov 2023 • 1 Min Read

HNN/ चंबा

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में भजौत्रा पंचायत के पोठ गांव में एक बड़ी ही दुःखद घटना सामने आई है। यहां एक गर्भवती महिला काम करते हुए अचानक ही गिर गई। जिस कारण माँ और बच्चा दोनों की मौत हो गई है।

पोस्टमार्टम करवाने के बाद महिला का शव परिजनों को सौंपा गया। शुक्रवार को महिला का अंतिम संस्कार किया। वहीं पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, गर्भवती महिला अनुराधा घर में काम कर रही थी। इस दौरान अचानक चक्कर आने से फर्श पर गिरी और बेहोश हो गई। घटना के बाद महिला को परिजनों द्वारा तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले महिला ने बेहोशी की हालत में मृत बच्चे को जन्म दिया। जब परिजन महिला को लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचे तो चिकित्स्कों ने महिला को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने खबर की पुष्टि की है।