दुकान में हुआ भीषण अग्निकांड, लाखों रुपए का नुक्सान
HNN/ मंडी
जिला मंडी के उपमंडल जोगिंद्रनगर के ढेलू में एक दुकान में भीषण अग्निकांड हुआ है। घटना में एक मकान को भी क्षति पहुंची है। इस अग्निकांड में पांच लाख से अधिक के नुकसान का आकलन किया गया है। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
जानकारी के मुताबिक, ढेलू में एक दुकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक मकान को आंशिक नुकसान पहुंचा है। हादसे के वक्त मकान में पूरा परिवार सो रहा था।
आसपास के लोगों ने मकान में मौजूद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तहसीलदार डॉ. मुकुल शर्मा ने बताया कि आग से प्रभावित परिवार और दुकान मालिक को जल्द ही फौरी राहत दी जाएगी।