दोमंजिला मकान में हुआ भीषण अग्निकांड, जिंदा जला मजदूर
HNN/ चंबा
जिला चंबा पठानकोट-भरमौर एनएच किनारे लाहल बाजार में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां दोमंजिला स्लेटपोश मकान आग की भेंट चढ़ गया। आग की चपेट में आने से एक व्यक्ति जिंदा जल गया।
इसके अलावा एक व्यक्ति झुलसा भी है। घटना में झुलसे व्यक्ति को नागरिक अस्पताल भरमौर ले जाया गया है। मृतक की पहचान नजीर मुहम्मद खान (28) पुत्र गुलाम नवी खान निवासी ककोरसा, डाकघर चारगाव, तहसील तारकपुर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मकान में जम्मू-कश्मीर की लेबर के 8 लोग रहते थे, जैसे ही आग लगी तो 7 लोग तो तुरंत बाहर निकल गए लेकिन एक व्यक्ति मजदूर धुएं में दम घुटने के कारण बाहर नहीं निकल पाया। इससे उसकी मौत हो गई।
इस अग्निकांड में 2 सगे भाइयों पुरुषोतम कुमार पुत्र देविया राम व उत्तम चंद पुत्र देविया राम का घर जल गया है। आग बुझाने में स्थानीय लोग व अग्निशमन विभाग की 2 गाड़ियां जुटी रहीं। आग ने पास में स्थित एक अन्य भवन को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वहीं करीब 8 कमरों का मकान जलकर राख हो गया है।