दो बाइकों की आपस में हुई जोरदार भिड़ंत, एक की मौत
HNN/ ऊना
जिला ऊना के थाना हरोली के तहत भदौड़ी में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां दो बाइकों की आपस में ज़ोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई है। मृतक व्यक्ति की पहचान सतनाम पुत्र मदन निवासी कांगड़ा के रूप में हुई है। इसके अलावा दोनों बाइकों पर सवार दो युवक सहित तीन जख्मी हुए है।
हादसे में एक बाइक पर सवार 18 वर्षीय अमर कुमार निवासी रोड़ा व 19 वर्षीय अभिषेक निवासी पालकवाह और दूसरी बाइक पर सवार कांगड़ा निवासी 50 वर्षीय दर्शन सिंह व 39 वर्षीय सतनाम घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, भदौड़ी में दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार अमर व अभिषेक और दूसरी बाइक पर सवार दर्शन सिंह व सतनाम घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को हरोली अस्पताल ले जाया गया, जहां से सतनाम को गंभीर हालत के चलते क्षेत्रीय अस्पताल रेफर कर दिया गया, यहां उपचार के दौरान सतनाम की मौत हो गई।
वहीं अन्य तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया। मामले की पुष्टि डीएसपी हरोली मोहन रावत ने की है।