नवविवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम, फंदा लगाकर की आत्महत्या

SUCIDE.jpg

HNN/बिलासपुर

दिवाली की रात जिला बिलासपुर के साथ लगते पट्टा गांव में एक नवविवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 27 वर्षीय हेमा देवी पत्नी आशीष धीमान के रूप में हुई है। महिला के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब पांच महीने पहले हेमा देवी और आशीष धीमान की शादी हुई ही थी। आशीष एचआरटीसी में ड्राइवर है। दिवाली की रात आशीष घर पर ही था। परिजनों के अनुसार शाम को हेमा देवी कमरे में कपड़ों पर प्रेस करने चली गई। लेकिन जब काफी देर तक नहीं लौटी तो आशीष उसे बुलाने कमरे में गया। इस दौरान दरवाजा अंदर से बंद था।

जिसके बाद आशीष ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि हेमा दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई है। जिसके बाद आशीष उसे अस्पताल ले गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लिया। वहीं सुचना मिलने पर मृतका के मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे। यहां पर उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को काफी दिनों से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। अभी पिछले दिनों ही उसने अपने भाई को फोन कर बताया था कि पति 20 हजार रुपये की मांग कर रहा है। साथ ही उसे और ज्यादा दहेज लाने की मांग कर रहा है। पुलिस ने मायके पक्ष के बयान के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मृतका के पति को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन घुमारवीं में लाया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस और पंचायत प्रधान, उप प्रधान की मौजूदगी में दाह संस्कार किया गया।