नाकाबंदी के दौरान गाड़ी से बरामद किए देवदार के स्लीपर, आरोपी गिरफ्तार
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में पाहनाला क्षेत्र के तहत पचाली में वन विभाग ने एक गाड़ी से देवदार के 46 स्लीपर बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान चमन लाल निवासी लगधारी डाकघर बढ़ई, जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन विभाग कुल्लू और पार्वती वन मंडल ने मिलकर पचाली में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक माजदा गाड़ी आई। विभाग की टीमों ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी से देवदार के 46 स्लीपर बरामद किए। जिसके बाद उन्होंने आरोपी से पूछताछ की, लेकिन वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
जिसके बाद वन विभाग ने गाड़ी के साथ सभी स्लीपरों को कब्जे में ले लिया और लकड़ी तस्करी करने के आरोप में कुल्लू पुलिस थाना में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। एसपी कुल्लू डाॅ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी जांच भी शुरू कर दी गई है।