नाकाबंदी के दौरान चिट्टे सहित गिरफ्तार किए दो युवक
HNN/चंबा
जिला चंबा के उपमंडल भटियात के तहत आने वाले सिहुंता-थकोली-मंदराला संपर्क मार्ग पर दो युवकों को 15.49 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान राघव शर्मा वासी मकान नंबर 158 वार्ड नंबर 33 मोहल्ला घटथोली पठानकोट और सिद्धार्थ सिंह वासी लल्होत्रा निवास अबरोल नगर पठानकोट के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी सिहुंता की टीम ने मंदराला पुल के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को सामने देख कार में सवार दोनों युवक घबरा गए। जिसके बाद उन्होंने शक के आधार पर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से 15.49 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
जिसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपी को पुलिस रिमांड हेतु अदालत में पेश किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से चिट्टे खेप की खरीद-फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है। डीएसपी डलहौजी हेमंत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।