Loading...

पिकअप गाड़ी से पकड़ी लाखों रुपए की देवदार की लकड़ी, आरोपी फरार, मामला दर्ज

PARUL • 2 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में पुलिस की टीम ने एक पिकअप गाड़ी से लाखों रुपए की देवदार की लकड़ी बरामद की है। पुलिस ने लकड़ी कब्जे में लेकर मौके से फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान राज रावत पुत्र प्रताप के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम ने बहराल में नाकाबंदी कर रखी थी।

इसी दौरान सुबह करीब 4 बजे पांवटा साहिब की तरफ से एक पिकअप गाड़ी (यूके 07सीए-3310) बहराल नाके पर पहुंची। पुलिस ने पिकअप गाड़ी को चैकिंग के लिए रोका। पिकअप को पीछे से नीले रंग की तिरपाल से ढका हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने चालक को नीचे उतरकर गाड़ी की जांच करवाने को कहा। जिसे सुनते ही चालक हरियाणा की तरफ जंगल में भाग गया।

जब पुलिस ने तिरपाल खोली तो गाड़ी में देवदार की लकड़ी बरामद हुई। जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना थाना प्रभारी सहित वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के आरओ सचिन शर्मा टीम सहित मौके पर पहुंचे। जिसके बाद वन और पुलिस स्टॉफ ने पिकअप में लदी लकड़ी को उतार कर जांच की और वाहन और लकड़ी को कब्जे में ले लिया गया है।

डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई देवदार की लकड़ी की कीमत 2,67,400 रुपए आंकी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।