नाहन की मनीषा ने उतीर्ण की केवीएस की परीक्षा, केंद्रीय विद्यालय में बनी प्रवक्ता
जम्मू में देंगी सेवाएं, अपने मां-बाप को दिया सफलता का श्रेय
HNN/ नाहन
मंजिलें उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है। सिर्फ पंखों से कुछ नहीं होता, हौंसलों से उड़ान होती है। इन पंक्तियों को नाहन के चार्जन मोहल्ला निवासी मनीषा तोमर ने साकार कर दिखाया है। मनीषा तोमर ने केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की ओर से आयोजित की जीव विज्ञान प्रवक्ता की परीक्षा उतीर्ण कर ली है।
इनका चयन जम्मू के केवी ज्योतिपूनम में जीव विज्ञान प्रवक्ता के लिए हुआ है। बता दें कि चार्जन मोहल्ला निवासी मनीषा तोमर के परिवार की आर्थिकी अधिक मजबूत नहीं है। उनके पिता बलबीर सिंह शमशेर स्कूल नाहन में कैंटीन चलाते हैं। जबकि माता सरिता देवी गृहिणी हैं। चार भाई बहनों में सबसे बड़ी मनीषा तोमर का बचपन से ही सरकारी नौकरी का सपना रहा।
मनीषा तोमर ने कन्या स्कूल नाहन से जमा दो की परीक्षा उतीर्ण करने के बाद नाहन कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद 2015 शिमला से एमएससी की पढ़ाई पूरी की और इसी वर्ष सेट भी क्वालिफाई किया। वर्ष 2016 में नाहन कॉलेज में पीटीए पर सहायक प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दी। वर्ष 2018-19 में हिमालयन कॉलेज कालाअंब से बीएड की पढ़ाई पूरी की।
इस वर्ष केवीएस की जीव विज्ञान प्रवक्ता की परीक्षा उतीर्ण करने से पहले मनीषा तोमर हिमाचल में दो बार सहायक प्रोफेसर की परीक्षा भी उतीर्ण कर चुकी है, लेकिन साक्षात्कार में उनका चयन नहीं हो पाया था। वह निराश बहुत हुई लेकिन आशा नहीं छोड़ी और जी तोड़ मेहनत करती रही। वर्तमान में एसवीएन स्कूल नाहन में जीव विज्ञान प्रवक्ता के पद सेवाएं दे रही हैं।
मनीषा तोमर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने मां-बाप को दिया है। उनका कहना है कि उनके पिता और माता देर रात तक जागकर उनकी पढ़ाई लिखाई के लिए मेहनत करते रहे। आज नौकरी का सपना उनकी बदौलत ही साकार हुआ है। मनीषा तोमर की छोटी बहन प्रियंका तोमर भी इन दिनों यूपीएसई की परीक्षा की तैयारी कर रही है।