नाहन-कुमारहट्टी एनएच पर पड़े गड्ढों से हादसे का शिकार हो रहे दोपहिया वाहन

मंगलवार और बुधवार को 3 दोपहिया वाहन चालक स्किड होकर हुए जख्मी

HNN/ नाहन

सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन से राजधानी शिमला को जोडऩे वाला नाहन-सराहां-कुमारहट्टी एनएच 907ए पर पड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं। बरसात के बाद नेशनल हाइवे की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है।

मौजूदा समय में स्थिति ये है कि तारकोल से रेत व बजरी छंटकर बाहर निकल गई है। इससे वाहन स्किड हो रहे हैं। मंगलवार और बुधवार को तीन दो पहिया वाहन चालक स्किड होकर जख्मी हुए। हालांकि, दिन के समय सड़क पर गड्ढे और आसपास बिखरी बजरी नजर आ रही है।

मगर रात के समय इस पर चलना खतरे से खाली नहीं है। जब से इस सड़क पर नए सिरे से टारिंग हुई, तभी से सड़क उखडऩा शुरू हो गई थी। इसके बाद विभाग ने संबंधित ठेकेदार के माध्यम से बार-बार खराब हो रही सड़क पर पैच वर्क कराया, लेकिन सड़क की हालत नहीं सुधरी।

इस बार बरसात के बाद इस सड़क की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है कि इस पर सफर सुरक्षित नहीं है। खराब सड़क को सुधारने का कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बता दें कि पहले ही इस सड़क की एलीवेशन सही नहीं है। घुमावदार सड़क पर वाहन चालकों को ये पता नहीं चलता कि कहां गड्ढा है।

कई बार चालक गड्ढे से बचने के लिए गलत साइड से निकल रहे हैं। इस सड़क पर रोजाना बाहरी राज्यों से सैकड़ों वाहन नाहन, शिमला, कालाअंब, चंडीगढ़, पांवटा साहिब और देहरादून की ओर निकलते हैं। इस समय नाहन से सराहां के बीच जगह जगह सड़क की हालत खराब हो चुकी है।

जिला मुख्यालय नाहन के साथ साथ आईटीआई, बनोग, जांगीरूग, चबाहां, दोसड़का, लादू, बनेठी, डुंगाघाट, लवासा चौकी, बनाह की सैर आदि हिस्सों में सड़क उखड़ गई है। उधर, एनएच नाहन मंडल के अधिशासी अभियंता नरेंद्र वर्मा ने बताया कि जल्द एनएच की हालत सुधारी जाएगी। सड़क पर पैच लगाकर इसे दुरूस्त किया जाएगा।