नाहन के आमवाला की वसुधा तोमर ने हासिल किया बड़ा मुकाम
इलेक्शन तहसीलदार की बेटी बनी एम्स की नर्सिंग ऑफिसर
HNN/ नाहन
सिरमौर की बेटी ने ना केवल अपने माता-पिता का बल्कि प्रदेश का नाम भी देशभर में रोशन किया है। नाहन के होली हार्ट पब्लिक स्कूल से प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करने वाली आमवाला पंचायत की वसुधा तोमर ने ऑल इंडिया लेवल एम्स नर्सिंग की परीक्षा पास कर नर्सिंग ऑफिसर बन गई है। वसुधा तोमर ने नर्सिंग की डिग्री ऋषिकेश एम्स से हासिल की है।
वसुधा तोमर के पिता शिमला इलेक्शन मुख्यालय में इलेक्शन तहसीलदार हैं जबकि माता जिला सिरमौर पशुपालन विभाग में सरकारी सेवाएं दे रही हैं। सिरमौर की बेटी की इस उपलब्धि पर ना केवल परिवार में बल्कि पूरे जिला में खुशी की लहर है। वसुधा की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देने वालों का भी तांता लगा हुआ है।
वसुधा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी माता मीरा तोमर और पिता राजेश तोमर सहित एम्स ऋषिकेश के अपने ट्यूटर्स को दिया है। बता दें कि पूरे देश भर में करीब 70,000 से अधिक प्रार्थीयों ने ऑल इंडिया एम्स नर्सिंग की परीक्षा दी थी। इस परीक्षा में देशभर के केवल 2600 परीक्षार्थी ही पास आउट हुए हैं जिनमें वसुधा तोमर का नाम भी शामिल है।
हालांकि वसुधा ने एम्स बिलासपुर में अपनी सेवाएं देने की इच्छा जताई है बावजूद इसके यह तो प्रबंधन ही सुनिश्चित कर पाएगा कि वसुधा अपनी सेवाएं कौन से राज्य में दे पाएंगी। बेटी के इस उपलब्धि पर पिता राजेश तोमर गर्व से फूले नहीं समा रहे हैं। तो माता ने भी कहा कि बेटी ने समाज में उनका रुतबा बुलंद किया है।