Loading...

नाहन के विकास का रोडमैप तय करने में जुटी नई नगर परिषद, पहले जनरल हाउस में लिए गए कई अहम निर्णय

Shailesh Saini • 52 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन:

नवगठित नाहन नगर परिषद के पहले सामान्य सदन (जनरल हाउस) की मैराथन बैठक नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नाहन के विधायक अजय सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कई घंटों तक चली इस बैठक में शहर की वर्षों पुरानी समस्याओं के स्थायी समाधान, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और नाहन को अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने को लेकर व्यापक मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि नई नगर परिषद का उद्देश्य शहर में फैली अव्यवस्थाओं को व्यवस्थित कर विकास को नई गति देना है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में जिन मूलभूत समस्याओं की अनदेखी हुई, उन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।

शहर की सफाई व्यवस्था, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी।नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने कहा कि नाहन को “नगीना शहर” की पहचान मिली हुई है और परिषद इस पहचान को और अधिक निखारने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि शहर का सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, आधुनिक स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, ब्लाइंड स्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि नाहन अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप विकसित हो सके।

बैठक में शहर के विभिन्न हिस्सों में कचरा फैलने वाले हॉटस्पॉट की पहचान कर उनके स्थायी समाधान, आवारा एवं बेसहारा पशुओं की समस्या, डॉग शेल्टर की स्थापना, पार्किंग के नए विकल्प, नगर परिषद की आय बढ़ाने के उपाय तथा चौगान मैदान सहित शहर में आयोजित होने वाले मेलों की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

व्यावसायिक मेलों का स्थानीय व्यापारियों पर पड़ने वाले प्रभाव और उसके संतुलित समाधान को लेकर भी सुझाव लिए गए।इसके अलावा स्ट्रीट वेंडरों के लिए उपयुक्त एवं व्यवस्थित स्थान चिन्हित करने, ताकि यातायात और आमजन को परेशानी न हो तथा उनके रोजगार पर भी प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इस विषय पर भी गंभीर चर्चा की गई।

बैठक में शहर के प्रमुख रानीताल पार्क और विला राउंड का सौंदर्यीकरण कर उन्हें आकर्षक सैरगाह (वॉकिंग डेस्टिनेशन) के रूप में विकसित करने के सुझाव भी सामने आए, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सकें।

बैठक के दौरान वरिष्ठ पार्षद संध्या अग्रवाल ने शहर से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण, ट्रैफिक, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं की समस्याओं पर अब केवल चर्चा नहीं, बल्कि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने शहर के हित में ठोस और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने पर जोर दिया।

बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रदीप सहोत्रा, वरिष्ठ पार्षद योगेश गुप्ता, राकेश गर्ग, नरेंद्र तोमर, कपिल गर्ग, संध्या अग्रवाल, पूजा तोमर, संजय चौहान, संजना कौर, सीमा अत्री, कौशल्या देवी, वसीम खान सहित सभी पार्षद, एसडीएम नाहन राजीव संख्यान नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से यह संदेश दिया गया कि नई नगर परिषद नाहन के समग्र विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और शहर की ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करेगी।

Related Topics: