Loading...

नाहन में बस-कार की टक्कर से NH 907A पर लगा 1 किमी लंबा जाम, आधे घंटे बाद खुला मार्ग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 8 Aug 2025 • 1 Min Read

नाहन-कुमारहट्टी एनएच 907ए पर सुबह एक निजी बस और वरना कार की भिड़ंत से ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। लगभग 30 मिनट तक सड़क पर एक किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लगा रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी हुई।

नाहन

तंग सड़क और अवैध पार्किंग बनी हादसे की वजह, बहसबाजी के बाद हुआ समझौता

बस और कार की टक्कर से बिगड़ा यातायात
घटना सुबह 11:29 बजे के करीब यशवंत विहार के पास हुई, जब राजधानी एक्सप्रेस नामक बस और नकुल सिंगला की वरना कार शिमला की ओर जा रही थीं। सड़क संकरी होने के चलते दोनों वाहन आपस में टकरा गए, जिससे कार के ड्राइवर साइड को हल्का नुकसान पहुंचा।

जाम में फंसे लोग हुए परेशान
टक्कर के तुरंत बाद बस चालक और कार चालक के बीच बहस शुरू हो गई। बहस के चलते पूरे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया। करीब आधे घंटे की कशमकश के बाद दोनों पक्षों में आपसी समझौता हुआ और रास्ता खुल सका।

स्थानीय लोग बोले—अवैध अतिक्रमण और पार्किंग से बढ़ रहा खतरा
स्थानीय निवासियों ने बताया कि घटनास्थल के पास दुकानों के आगे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के चलते सड़क पहले से ही तंग हो चुकी है। यह स्थिति हादसों को न्योता दे रही है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कोई पुलिस कार्रवाई नहीं हुई
हालांकि हादसे की सूचना पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन दोनों पक्षों में सुलह हो जाने के चलते कोई औपचारिक कार्रवाई नहीं की गई।