नाहन में वन्यजीव क्रूरता का खुलासा, तेंदुए का पंजा काटने के आरोप में दो गिरफ्तार
सिरमौर जिले के नाहन में तेंदुए के पंजे काटे जाने के मामले में पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
सिरमौर/नाहन
सतीवाला में बकरी फार्म में घुसा था तेंदुआ
जानकारी के अनुसार 23 फरवरी को गांव सतीवाला में राधा कृष्ण आश्रम के नजदीक स्थित शक्ति उर्फ बन्टी के बकरी फार्म में एक तेंदुआ घुस आया था। बाद में वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू कर लिया और उपचार के लिए शिमला ले जाया गया।
पोस्टमॉर्टम में सामने आया चौंकाने वाला खुलासा
तेंदुए की बाद में शिमला में मृत्यु हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि तेंदुए के अगले बाएं पैर का पंजा चार नाखूनों सहित गायब था, जिसे किसी धारदार हथियार से काटा गया था।
पंजा काटने की योजना बनाकर पहुंचे थे आरोपी
जांच में सामने आया कि आरोपी तेंदुए के पंजे काटने की योजना बनाकर दरांती और कुल्हाड़ी लेकर शेड में गए थे। पुलिस ने आरोपियों के घर की तलाशी ली, जहां एक पिंजरे में बंद दो वन्य जीव (तोते) भी बरामद किए गए।
दो आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
वन विभाग की शिकायत पर शक्ति उर्फ बन्टी पुत्र प्रेम सिंह निवासी कच्चा टैंक नाहन और निरज पुत्र रमेश कुमार निवासी रानी ताल नाहन को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में थाना सदर नाहन में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39 और 51 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।