नाहन रोड सेफ्टी क्लब सीएम राहत कोष में भेजेगा 51,000 रुपए का अनुदान

NAHAN-23.jpg

क्लब की बैठक में आए सुझावों पर अब होगा एक्शन

HNN/ नाहन

नाहन रोड सेफ्टी क्लब की विशेष बैठक का नाहन सर्किट हाउस में आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर के द्वारा की गई। रोड सेफ्टी क्लब के गठन के बाद यह पहली बड़ी बैठक है जिसमें क्लब के सभी पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए नरेंद्र तोमर ने कहा कि मौजूदा समय क्लब के पास बेहतर टीम है और साथ ही ट्रैफिक पुलिस का सहयोग भी व्यवस्था में बेहतर सामंजस्य बनाए हुए हैं।

बैठक में क्लब के सदस्यों के द्वारा अव्यवस्थित पार्किंग, रैश ड्राइविंग सहित गलियों में वाहनों के कब्जे को लेकर चर्चा की गई। यही नहीं यशवंत बिहार एनएच 907 ए पर शाम को होने वाली रैश राइडिंग रेस को लेकर पुलिस नाका लगाने का भी सुझाव रखा गया। क्लब के सदस्यों ने बताया कि कच्चा टैंक से आर्मी की तरफ जाने वाले चौक पर निजी वाहनों का बड़ा कब्जा है। सदस्यों ने कहा कि यह कब्जा ना केवल दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रहा है बल्कि यहां पर अक्सर ट्रैफिक जाम की भी समस्या बनी रहती है।

क्लब के सदस्यों ने गलियों में अवैध रूप से पार्किंग किए गए दोपहिया और चौपहिया वाहनों की समस्या को भी रखा। क्लब के सदस्यों का कहना है कि नाहन में मोहल्ला गोविंदगढ़ के नवयुवक देर शाम को स्कूटर, स्कूटी और मोटरसाइकिल पर बगैर लाइट के रैश ड्राइविंग करते हैं। उन्होंने आशंका भी जाहिर की है कि यह रैश ड्राइविंग करने वाले युवक बगैर लाइसेंस के वाहन चलाते हैं। वहीं बाजार में भी बेसहारा पशुओं के साथ साथ दोपहिया वाहनों की चहल कदमी को लेकर भी सुझाव रखे गए।

रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष सहित सहायक थाना अध्यक्ष राजवेंद्र सिंह तथा ट्रैफिक इंचार्ज दिनेश कुमार के द्वारा जल्द से जल्द तमाम सुझावों पर अमलीजामा बनाए जाने का आश्वासन भी दिया गया। नरेंद्र तोमर ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि पूरे शहर में कैमरे लगे हैं अब यदि कोई भी सड़क सुरक्षा नियमों को दरकिनार कर वाहन चलाता हुआ कैमरे की जद में आता है तो उसका ऑनलाइन चालान कर दिया जाएगा।

वहीं बैठक में भारी बारिश से आई आपदा में हुए नुक्सान को लेकर कल अपने 51,000 रुपए मुख्यमंत्री राहत कोष में अनुदान करने के लिए भी कहा है। उन्होंने कहा कि इस आपदा की घड़ी में जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जनता का दुख दर्द बांट रहे हैं तो वहीं नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी गांव-गांव जाकर नुक्सान का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही क्लब के सदस्य भी नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हुए नुक्सान और टूटी सड़कों को लेकर गांव-गांव जाएंगे। बैठक में पार्किंग की समस्या को लेकर जल्द बड़ा समाधान करने की योजना बनाए जाने को लेकर भी विचार रखे गए।