नाहन-शिमला रोड पर टकराई दो बसें, 2 घंटे लगा लंबा जाम
ट्रैफिक पुलिस ने खुलवाया जाम, टक्कर में नहीं हुए कोई घायल
HNN/ नाहन
नाहन-शिमला एनएच 907 ए पर सरकारी और प्राइवेट बस की टक्कर हो जाने का समाचार मिला है। मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन डीपो की बस नाहन की ओर से कोलावाला भूड़ की ओर जा रही थी जबकि प्राइवेट बस शिमला रोड की ओर से नाहन की ओर जा रही थी। यह घटना शाम 6:00 बजे के आसपास की है।

जब दोनों बसें आमने-सामने से आ रही थी तो ठीक हाथी की कब्र से थोड़ा आगे सीजीएम निवास के ठीक नीचे एनएच पर यह दोनों बसें आपस में टकरा गई। अचानक हुई इस टक्कर में दोनों बसों को काफी नुकसान हुआ है। मगर गनीमत यह रही की इस दुर्घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है।
बताया जा रहा है कि जिस जगह यह टक्कर हुई वहां एक तरफ सड़क काफी टूटी हुई है तथा दूसरी तरफ सड़क के साथ बनाई गई नाली काफी गहरी है। मोड पर संकीर्ण मार्ग के चलते यह दोनों बसें टकरा गई। इस टक्कर के बाद दोनों वाहनों के चालकों में गाड़ी हटाए जाने को लेकर सहमति नहीं बनी।
शाम के 6:00 बजे से लेकर 7:55 तक करीब 2 घंटे का लंबा जाम लग रहा। बताया जा रहा है पेट्रोल पंप से लेकर बिरोजा फैक्ट्री तक दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग चुकी थी। जिनमें कई ऐसी बसें थी जिन लोग अपने घरों की तरफ जा रहे थे। हालत यह थे कि लगे जाम में दो पहिया वाहन भी नहीं निकल पा रहे थे।
यही नहीं जाम के साथ-साथ हो रही भारी बारिश के चलते भी लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामला पुलिस तक पहुंचा और मौके पर थाना पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस भी पहुंच चुकी थी।
दोनों वाहन चालक एक दूसरे पर गलती के आरोप लगा रहे थे जिसके चलते जाम खुलने में काफी समय लग गया। आखिर थाना सदर पुलिस ने दोनों वाहनों को साइड में लगवा कर जाम को खुलवाया। खबर लिखे जाने तक दोनों पक्षों में समझौता नहीं हो पाया था। खबर की पुष्टि थाना सदर के द्वारा करवाई गई है।