Loading...

निरमंड में युवती ने उठाया खौफ़नाक कदम, तीन गिनते ही दे दी जान

PRIYANKA THAKUR • 9 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / कुल्लू

जिला कुल्लू के निरमंड में एक युवती द्वारा खौफ़नाक कदम उठाया गया। यहां युवती ने तीन गिनते ही फंदे पर लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वहीं, पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव लाज के शिशुपाल ने पुलिस को बताया कि वह एक होटल में काम करता है। वह शिमला से अपनी गर्लफ्रेंड के पास चाटी आया था।

उसकी गर्लफ्रेंड के साथ उसकी बहन भी यहां एक किराए के कमरे में रहती थी। दोपहर बाद दोनों बहनें गांव चली गईं और वह भी शिमला जाने के लिए रामपुर बस अड्डे की ओर गया। इसी दौरान उसकी गर्लफ्रेंड ने फ़ोन कर उसे रुकने के लिए कहा लेकिन वह शिमला जाने के लिए बस अड्डे की ओर आ गया। उसने फ़ोन पर उससे कहा कि उसके 3 गिनने तक अगर वह रुका नही तो वह जान दे देगी।

इसी बीच युवती के साथ मौजूद दूसरी लड़की ने शिशुपाल को बताया कि उस ने फंदा लगा लिया है। यह सुनते ही शशिपाल बस से नीचे उतर गया और सीधा कमरे पहुंचा। यहां उसने देखा कि उसकी गर्लफ्रेंड फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसएसपी गुरदेव शर्मा ने घटना की पुष्टि की है।