निर्धारित समयावधि में कार्यों का निष्पादन ही अच्छा सुशासन – आरएम शर्मा
HNN / ऊना, वीरेंद्र बन्याल
19 से 25 दिसंबर तक मनाए जा रहे गुड गवर्नेंस सप्ताह के अंतर्गत डीआरडीए हॉल में जिला स्तरीय गुड गवर्नेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला के समस्त विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आरएम शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यशाला में अधिकारियों को संबोधित करते हुए आरएम शर्मा ने कहा कि सुशासन का उद्देश्य लोगों की बेहतरी है।
सभी अधिकारी निर्धारित समयावधि में लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सुशासन के बिना कोई भी विकासात्मक योजना लोगों के जीवन में सुधार नहीं ला सकती। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं नागरिक अपने कर्तव्यों का प्रभावी तथा ईमानदारी से निर्वहन करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि कार्यालयों में अपने कार्य के लिए आने वाले लोगों को प्रतीक्षा ना करवाएं अपितु लोगों की समस्याओं को अपनी समस्या समझ कर कार्य करें ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की सेवा की जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या का समाधान होने के उपरांत संबंधित व्यक्ति को अवश्य सूचित करें, उनकी समस्या का समाधान हो चुका है तभी वह व्यक्ति संतुष्ट होगा और यही अच्छा सुशासन है।