निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का रखें विशेष ध्यान- विक्रमादित्य
कहा- लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए उठाए जाएंगे कारगर कदम
HNN / मंडी
लोक निर्माण विभाग के तहत सड़कों तथा अन्य लंबित निर्माण कार्यों को समयबद्व पूरा करने के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। यह बात लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी परिधि गृह में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियोें के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन की ओर अनेकों कदम उठाए हैं। उन्होंने मंडी जिला में निर्माणीधीन सड़कोें तथा पुलोें के बारे में विस्तार से फीडबैक लेते हुए कहा कि लंबित कार्यों को रूकने नहीं दिया जाएगा, इसके लिए सरकार उपयुक्त बजट का प्रावधान करेगी। बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, सेंट्रल रोड फंड तथा नाबार्ड के तहत निर्मित की जा रही सड़कों की प्रगति रिपोर्ट पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए भी कारगर कदम उठाए जाएंगे तथा विभाग के विभिन्न मंडलों में आवश्यक मशीनरी उपलब्ध करवाने की दिशा में सार्थक पहल की जाएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को रिक्त पदों तथा मशीनरी की डिमांड के बारे में विस्तार से सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।