नौरंगाबाद में जांचा 105 मरीजों का स्वास्थ्य, साईं अस्पताल ने लगाया निशुल्क कैंप
HNN/नाहन
श्री साईं हॉस्पिटल नाहन की ओर से जिला सिरमौर के नौरंगाबाद की गुर्जर कॉलोनी में मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 105 मरीजों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस दौरान नेत्र रोग एवं सामान्य रोग विशेषज्ञों ने मरीजों के स्वास्थ्य जांच के साथ साथ परामर्श की सेवाएं भी दीं।
नेत्र जांच विशेषज्ञ ताहिरा खान ने मरीजों की आंखों की जांच की और आंखों की देखभाल के लिए जरूरी परामर्श दिया। साथ ही मेडिकल अफसर डॉ. यशपाल ने मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की।
श्री साईं ग्रुप ऑफ़ हॉस्पिटल्स के निदेशक डॉ. दिनेश बेदी ने बताया कि हर ब्रांच में विभिन्न अनुभवी चिकित्सकों द्वारा निशुल्क शिविरों के माध्यमों से मुफ्त जांच एवं परामर्श सेवाएं दी जा रही हैं, ताकि सिरमौर के लोगों को किसी भी प्रकार की मेडिकल ईमरजेंसी में सही मार्गदर्शन मिल सके।
शिविर में मरीजों की शुगर व बीपी टेस्ट भी निशुल्क किए गए। साथ ही मरीजों को जरूरी दवाएं मुफ्त उपलब्ध की गई। इसके साथ साथ उचित दामों पर चश्में भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि श्री साईं अस्पताल में सभी इंश्योरेंस और सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के तहत मुफ्त इलाज़ की सुविधा उपलब्ध है।
डॉ. बेदी ने सिरमौरवासियों से आग्रह किया कि वे अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और नियमित जांच करवाते रहें। ताकि किसी भी गंभीर बीमारी से समय रहते बचा जा सके।