HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला में पंजाब के पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह के बेटे सहित 5 लोगों को पुलिस ने चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में एक युवती भी शामिल है। आरोपियों में तीन पंजाब, एक चंडीगढ़ और युवती हिमाचल की रहने वाली है। पुलिस को आरोपियों से 42.89 ग्राम चिट्टा और एक तराजू मिला है।
आरोपियों की पहचान प्रकाश सिंह (37) पुत्र सुच्चा सिंह लंगाह निवासी गुरदासपुर, अजय कुमार (27) पुत्र चमन लाल निवासी नूरखोडियां पंजाब यूनिवर्सिटी पटियाला, अवनी (19) पुत्री विकास नेगी गांव सांगला किन्नौर हिमाचल, शुभम कौशल (26) पुत्र संदीप कौशल ब्लॉक ए सेक्टर-1 चंडीगढ़ और बलजिंद्र (22) पुत्र कुलदीप सिंह गांव नड्डा मोहाली पंजाब के रूप मे हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम ने गुप्त सूचना पर कार्यवाही करते हुए शिमला के पुराने बस स्टैंड के समीप एक निजी होटल से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42.89 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
बता दें पंजाब के पूर्व मंत्री का बेटा पहले भी नशा तस्करी के केस में पकड़ा गया था, अब शिमला पुलिस की टीम ने पंजाब के पूर्व मंत्री के बेटे को चिट्टे के साथ पकड़ा है। पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए और कहां सप्लाई करने जा रहे थे। एसपी संजीव गांधी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि नशा माफिया से जुड़े लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

