Loading...

Arrest / कांगड़ा में ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क पर छापा, 6 गिरफ्तार; 41 मोबाइल और 7 लैपटॉप जब्त

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 45 Mins Ago • 1 Min Read

Arrest / कांगड़ा जिले के बीरता गांव में पुलिस ने देर रात एक किराए के मकान पर छापा मारकर ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क चलाने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में 41 मोबाइल फोन और सात लैपटॉप जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट और फुटबॉल समेत विभिन्न खेलों पर सट्टा लगवाते थे।

कांगड़ा

कांगड़ा थाना प्रभारी आदर्श बरयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नेटवर्क बीरता गांव स्थित किराए के मकान से संचालित हो रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में हिमाचल प्रदेश के स्थानीय लोगों के साथ बिहार और अन्य राज्यों के निवासी भी शामिल हैं। पुलिस ने जांच प्रभावित होने और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के सतर्क होकर फरार होने की आशंका के कारण फिलहाल आरोपियों के नाम और पते सार्वजनिक नहीं किए हैं।

खेलों पर करवाई जाती थी माइक्रो-बेटिंग

जांच के अनुसार, गिरोह क्रिकेट और फुटबॉल सहित दूसरे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाता था। मैच के दौरान एक ओवर में बनने वाले रन या गिरने वाले विकेट जैसी छोटी गतिविधियों पर भी दांव लगवाए जाते थे, जिसे माइक्रो-बेटिंग कहा जाता है। पुलिस की छानबीन में विभिन्न ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिये लाखों रुपये के कथित अवैध लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। रकम के लेन-देन के लिए दूसरों के नाम पर खुले या किराए पर लिए गए म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

उपकरणों और बैंक खातों की जांच जारी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से नेटवर्क के मुख्य सरगना के सीधे संपर्क में थे। जब्त किए गए सभी 41 मोबाइल फोन और सात लैपटॉप की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। इसके साथ ही संबंधित बैंक खातों की जानकारी भी खंगाली जा रही है। पुलिस को आशंका है कि नेटवर्क से दर्जनों अन्य लोग जुड़े हो सकते हैं। मुख्य सरगना और दूसरे सदस्यों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Related Topics: •