Loading...

पंजाब के भरतगढ़ में मंडी के टैक्सी चालक व सवारियों से मारपीट, टैक्सी भी तोड़ी

PARUL • 23 Jun 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

पंजाब के भरतगढ़ शहर में मंडी से चंडीगढ़ सवारियां लेकर जा रहे मंडी के टैक्सी चालक के साथ मारपीट और टैक्सी को तोड़ने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने टैक्सी को भी बुरी तरह से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। मंडी शहर के साथ लगते बड़ीधार कटिंडी निवासी टैक्सी चालक योगराज ने बताया कि शुक्रवार रात को वह आईआईटी कमांद से प्रशिक्षुओं को लेकर चंडीगढ़ जा रहा था।

इस दौरान रात को जब पंजाब के भरतगढ़ में पहुंचा तो वहां 10-15 लोगों ने उसकी गाड़ी को रोका और बिना कारण सवारियों पर दराट, डंडों और पत्थरों से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। हमलावरों ने गाड़ी को भी बुरी तरह तोड़ दिया है। इसके बाद शिकायत स्थानीय पुलिस को दी, मगर उस समय पुलिस ने कोई मदद नहीं की।

टैक्सी चालक ने बताया कि घटना के बाद ढाबा संचालक और स्थानीय टैक्सी चालकों ने उन्हें भरतगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहीं योगराज ने अपने ऊपर हुए हमले की पूरी कहानी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए शेयर की। उन्होंने कहा कि पंजाब में हिमाचल के लोगों का आना सुरक्षित नहीं है।

उन्होंने पुलिस, प्रशासन और सरकार से इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उधर, एएसपी मंडी सागर चंद्र ने कहा कि उनके ध्यान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। जहां ये घटना हुई है वहां के लोकल थाने से ही घटना की पूरी जानकारी मिल सकती है।