पटाखा फटने से आग में झुलसे दो व्यक्ति, उपचाराधीन
पटाखे की चिंगारी से पंचायत घर के बरामदे में लगी आग, स्थानीय लोगों ने पाया काबू
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में मुख्यालय के साथ लगती खराहल घाटी के देउघरा में पटाखा फटने से दो व्यक्ति आग में झुलस गए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घायलों की पहचान राजू राम (40) निवासी देउघरा, डाकघर बारी, तहसील एवं जिला कुल्लू और रोशन लाल निवासी देउघरा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, राजू राम और रोशन लाल ने शाम को करीब 6 बजे पत्थर तोड़ने के बाद आग जलाई। इसी दौरान उन्होंने कूड़े के ढेर से एक गत्ता पेटी उठाई और जलने के लिए डाल दिया। तभी कूड़े की पेटी में पटाखा होने के चलते वह फट गया और दोनों व्यक्ति आग की चपेट में आ गए।
जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया। एसपी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।