Loading...

पटाखा फैक्ट्री में NDRF का मॉक ड्रिल, सिरमौर में आपदा प्रबंधन की तैयारियों का परीक्षण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 30 May 2025 • 1 Min Read

नाहन

संभावित विस्फोट जैसी घटनाओं से निपटने को लेकर फैक्ट्री कर्मचारियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

सिरमौर जिला में औद्योगिक इकाइयों की आपदा तैयारी को पुख्ता करने के लिए शुक्रवार को नारग क्षेत्र की एक पटाखा फैक्ट्री में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। यह अभ्यास उपायुक्त सिरमौर के निर्देशों के तहत किया गया, जिसमें आपदा से निपटने की तत्परता और कर्मचारियों की जागरूकता को परखा गया।

30 सदस्यीय टीम ने किया गहन निरीक्षण
इस मॉक ड्रिल का आयोजन राजस्व ग्राम कुज्जी, उप-संपदा बक्शर स्थित पटाखा फैक्ट्री में किया गया। एनडीआरएफ की 14वीं बटालियन की 30 सदस्यीय टीम ने कमांडिंग ऑफिसर बलजिंदर सिंह के नेतृत्व में इस अभ्यास में भाग लिया। टीम में सहायक कमांडेंट संतोष कुमार, इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह नेगी, सब इंस्पेक्टर मोहित कुमार और कांस्टेबल प्रेमजीत शामिल थे।

प्रशिक्षण और जागरूकता से सुरक्षा में बढ़ोत्तरी
फैक्ट्री के निदेशक मुकेश ने बताया कि प्रशिक्षण में लगभग 140 कर्मचारियों और सुपरवाइजरों को आपात स्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा, सुरक्षित निकासी और तत्काल प्रतिक्रिया तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य फैक्ट्री कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में साहसिक, सुरक्षित और समन्वित ढंग से कार्य करने योग्य बनाना था।

प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ कार्यक्रम
इस अवसर पर नायब तहसीलदार विनोद वर्मा, फील्ड कानूनगो विनोद कुमार (पच्छाद), उद्योग विभाग से जीतेन्द्र कुमार और अन्य 8 तकनीकी कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम ने औद्योगिक इकाइयों में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और सुरक्षा मानकों के पालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम प्रस्तुत किया।

Related Topics: