पर्यावरण संरक्षण के लिए उद्योगों को स्वनियमन अपनाने की आवश्यकता- संजय गुप्ता
HNN / सोलन
हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचपीएसपीसीबी) के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने जिला सोलन के क्षेत्रीय कार्यालय बद्दी में एचपीएसपीसीबी के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंनेे औद्योगिक इकाइयों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की और सभी इकाइयों को विभिन्न प्रदूषण मानदंडों को जल, वायु और पर्यावरण संरक्षण अधिनियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र में नगर निकायों के नियमन पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि इन क्षेत्रों में उनके द्वारा ठोस कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक कचरे का निस्तारण और साफ-सफाई ठीक से हो सके। संजय गुप्ता ने बोर्ड के सुदृढ़ीकरण के दृष्टिगत अपने सुझाव दिए और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग का आश्वासन दिया।
संजय गुप्ता ने प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए उद्योगों से स्व-नियम अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने बीबीएनआईए से अपने कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने का भी आग्रह किया ताकि वे एचपी-ओसीएमएमएस पोर्टल की सुविधा का लाभ भी उठा सकें। उन्होंने आश्वासन दिया कि संघ की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव अपूर्व देवगन ने पर्यावरण से संबंधित विभिन्न मुद्दों और बोर्ड द्वारा की गई विभिन्न पहलों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से नमूना संग्रहण और पारदर्शिता के लिए पीसीबी के सैंपलिंग मॉड्यूल को अपग्रेड किया गया है।