Loading...

पशुशाला में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान

PARUL • 17 Nov 2023 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी में उपमंडल धर्मपुर के संधोल तहसील के जमरेहड़ा गांव में एक पशुशाला में आग लग गई। पीड़ित परिवार को घटना में तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना का पता चलते ही पीड़ित परिवार द्वारा ग्रामीणों की मदद से पशुशाला में बंधे आधा दर्जन मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की काफी कोशिश की। लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पशुशाला जलकर राख हो गई। बतया जा रहा है कि आग बीती शाम करीब 6 बजे लगी। जिससे पशुशाला के भीतर रखी लाखों रुपए की इमारती लकड़ी और घास आग की चपेट में आ गई।

पीड़ित महिला प्रोमिला ने बताया कि शाम के समय जब पशुशाला से धुंआ उठता देखा तो शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि पानी की सुविधा न होने के चलते पशुशाला में लगी आग पर काबू न पाया जा सका।

तो वहीं स्थानीय पंचायत प्रधान इंदू देवी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी प्रशासन को दी और गरीब परिवार को उचित मुआवजा देने की की भी मांग उठाई। उन्होंने बताया कि आग लगने से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।