Loading...

पहली बार चौगान मैदान में लगेगा भगवान वामन द्वादशी का मेला, सोलंकी करेंगे शुभारंभ

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

पक्के तालाब से चौगान मैदान में शिफ्ट होगा रियासतकालीन मेला, 18 से 27 सितंबर तक चलेगा आयोजन; धार्मिक परंपराएं पूर्ववत रहेंगी

हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन।

रियासतकाल से नाहन में चली आ रही भगवान वामन द्वादशी मेले की परंपरा इस वर्ष नए स्वरूप में आगे बढ़ेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पहली बार यह ऐतिहासिक मेला पक्के तालाब के बजाय नाहन के चौगान मैदान में आयोजित किया जाएगा।

18 से 27 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले के लिए नाहन नगर परिषद से चौगान मैदान की स्वीकृति भी प्राप्त कर ली गई है।
मंदिर ठाकुरद्वारा रघुनाथ जी ट्रस्ट नाहन की बैठक अध्यक्ष महिपाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ट्रस्ट के सचिव नितिन बैरागी सहित धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में चौगान मैदान में मेले के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और इसे श्रद्धालुओं की सुविधा तथा शहर की व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

हालांकि मेले का स्थान बदलेगा, लेकिन भगवान वामन द्वादशी से जुड़ी धार्मिक आस्था और सदियों पुरानी परंपराएं पूरी तरह कायम रहेंगी। भगवान की पालकियों का भ्रमण और पालकी तैराने की परंपरा पूर्व निर्धारित विधि-विधान के अनुसार ही निभाई जाएगी। चौगान मैदान में मेले की वाणिज्यिक गतिविधियों के साथ पालकियों के विश्राम और श्रद्धालुओं के दर्शन की बेहतर व्यवस्था की जाएगी।

अब तक पक्के तालाब और मुख्य सड़क के आसपास मेले के आयोजन से भारी भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती रही है। जाम के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। मेडिकल कॉलेज की ओर जाने वाला मार्ग प्रभावित होने से एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही में भी परेशानी आती थी।

वहीं शिमला, चंडीगढ़ और देहरादून की ओर जाने वाले यातायात पर भी इसका असर पड़ता था। चौगान मैदान में आयोजन से इन समस्याओं से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।

बैठक में रियासतकालीन मेले को पहले जिला स्तरीय और उसके बाद राज्य स्तरीय मेले का दर्जा दिलाने की मांग उठाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में नवयुवक मंडल रानीताल अध्यक्ष राहुल संत, भगत राम पुंडीर, सनातन वेलफेयर सोसाइटी प्रमुख महेश गुप्ता, सचिव अमित गौतम, राजीव शर्मा, इंदर राज परमार और उमेश कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Topics: