पांवटा साहिब और रामपुर घाट क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई , 25 चालान और 4 टिप्पर जब्त

पांवटा साहिब

एक ही रात में माइनिंग व ओवरलोडिंग के खिलाफ बड़ा अभियान , न्यायालय भेजे गए सभी चालान

रातभर चला विशेष अभियान
जिला सिरमौर पुलिस ने अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक निश्चिन्त सिंह नेगी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा की अगुवाई में यह कार्रवाई 12 और 13 जून की रात पांवटा साहिब व रामपुर घाट क्षेत्र में की गई।

चैकिंग के दौरान दर्जनों वाहन पकड़े गए
इस अभियान के तहत पुलिस थाना पांवटा साहिब और PAB रामपुर घाट की टीमों ने रातभर भारी वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान कुल 16 चालान किए गए, जिनमें से 4 टिप्पर जब्त किए गए हैं। सभी चालान अब भुगतान के लिए न्यायालय को भेजे गए हैं।

एक ही दिन में 25 चालान
जिला सिरमौर में चलाए गए इस अभियान में एक ही दिन में कुल 25 चालान अवैध माइनिंग और ओवरलोडिंग के मामले में किए गए हैं, जो अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

पर्यावरण और जीवन की सुरक्षा पर फोकस
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है और ओवरलोड वाहन दुर्घटनाओं को जन्म देते हैं। इसीलिए ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा ताकि मानव जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।