पांवटा साहिब के माजरा में मुश्तर जमीन से 186 अफीम के पौधे बरामद
HNN/पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के तहत आने वाले माजरा पंचायत के सैनवाला गांव में पुलिस टीम ने मुशतर जमीन से 186 अफीम के पौधे प्राप्त किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार माजरा पुलिस को अपने गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति के घर के समीप अफीम के पौधे उगाए गए हैं।
जिस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अफीम के पौधों की गिनती की तथा उसके बाद उसके वीडियो रिकॉर्डिंग करने के बाद पौधों को उखाड़ कर जब्त कर लिया। यह अफीम के पौधे मुशतर जमीन में थे, तो पुलिस ने पटवारी से निशान देही के लिए लिखा है। निशान देही के बाद यह तय होगा कि यह जमीन किसकी है, किसने यह पौधे उगाए हैं।
उसके बाद उस व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। विदित रहे कि एक सप्ताह पूर्व नाहन विधानसभा क्षेत्र के कंडईवाला गांव में एक व्यक्ति के खेत से 5000 पौधे अफीम के बरामद हुए थे। जिला सिरमौर में इससे पहले भी कई मामलों में भारी मात्रा में अफीम के पौधे बरामद हो चुके हैं।
उधर जब इस संदर्भ में माजरा पुलिस थाना प्रभारी प्रताप सिंह परमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि माजरा के सैनवाला में एक व्यक्ति के घर के सामने 186 अफीम के पौधे मुशतर जमीन में पाए गए हैं। निशान देही के लिए पटवारी को बुलाया गया है, उसके बाद आरोपी के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी।