पांवटा साहिब में नशीली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी, कार से 11040 कैप्सूल और 4200 गोलियां बरामद
सिरमौर पुलिस ने पांवटा साहिब में नशीली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने कार से 11040 नशीले कैप्सूल और 4200 नशीली गोलियां बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
गुप्त सूचना पर पुलिस ने घेरकर रोकी कार
स्पेशल डिटेक्शन टीम पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त और गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बेहट (सहारनपुर) के दो युवक कार में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल और गोलियां लेकर पांवटा साहिब की ओर आ रहे हैं।
कार से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद
सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए HR10Q-8382 नंबर की स्विफ्ट कार को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान कार से 11040 नशीले कैप्सूल और 4200 नशीली गोलियां बरामद की गईं।
दो आरोपी गिरफ्तार, गिरोह की जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में आमिर पुत्र बुरहान निवासी बेहट जिला सहारनपुर और मोहम्मद नवाज पुत्र विशाल अहमद निवासी बेहट को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज किया गया है और अदालत से पुलिस रिमांड लेकर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।