पांवटा साहिब में सीवरेज लाइन के टैंक से बरामद हुआ 47 वर्षीय व्यक्ति का शव

Body-of-47-year-old-man-rec.jpg

HNN/ पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में सीवरेज लाइन के टैंक से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। हालांकि व्यक्ति टैंक में कैसे गिरा इसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। मृतक की पहचान 47 वर्षीय जगत राम निवासी किशनपुरा के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, गुर्जर मोहल्ले के समीप सीवरेज लाइन के टैंक में व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था।

जब स्थानीय लोगों ने सुबह के वक्त शव देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को टैंक से बाहर निकाल कर उसे कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू की। खबर की पुष्टि डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने की है।