कांगड़ा में कॉलेज परिसर में छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस ने शुरू की जांच
Himachalnow / कांगड़ा
पालमपुर के एक निजी कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा ने कक्षा के अंदर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है और पुलिस जांच में जुटी है।
कांगड़ा/पालमपुर
कक्षा में अकेले जाकर बंद किया दरवाजा, बाद में सामने आया मामला
जिला कांगड़ा के केएलबी कॉलेज पालमपुर में वीरवार सुबह करीब 8:45 बजे 19 वर्षीय छात्रा कॉलेज पहुंची और सीधे अपनी कक्षा में चली गई। उसने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, जिसके बाद कुछ समय तक किसी को भी स्थिति का अंदाजा नहीं हुआ।
कुछ देर बाद एक अन्य छात्रा को कक्षा के अंदर संदिग्ध स्थिति का पता चला, जिसके बाद कॉलेज के एक कर्मचारी को इसकी सूचना दी गई।
दरवाजा तोड़कर देखा तो फंदे से लटकी मिली छात्रा
सूचना मिलने पर कर्मचारी ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां छात्रा पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई मिली। उसे तुरंत नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला, कारणों की पड़ताल जारी
मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।