पिटबुल नस्ल के कुत्ते के काटने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत

By Ankita Published: 21 Sep 2023, 12:19 PM | Updated: 21 Sep 2023, 12:19 PM 1 min read

HNN/ ऊना

जिला ऊना में एक 13 वर्षीय बच्चे को पालतू पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने काट लिया, जिस कारण उसकी मोत हो गई है। मृतक की पहचान 13 वर्षीय दिनेश पुत्र कांता निवासी गांव स्वामीपुर जिला रूपनगर के रूप में हुई है। बता दें कि मृतक दिनेश के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है।

वह अपनी माता और एक भाई के साथ अपनी नानी के घर ही रहता था। गरीब परिवार होने के चलते मामले को लेकर पुलिस के पास भी शिकायत दर्ज नहीं करवा पाए। अब उन्होंने मामले में न्याय की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, घटना बीते माह 19 अगस्त की है। परिजनों ने बताया कि उनका बेटा दिनेश साथ लगते हिमाचल के जिला बिलासपुर के तहत पड़ते गांव नैहलां के सरकारी स्कूल से शिक्षा ग्रहण कर रहा था। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को जब वह वापस अपने घर आ रहा था, तो गांव हंडोला के निकट एक कुत्ते ने उसकी गर्दन को झपट लिया।

जख्मी हालत में दिनेश जब घर पहुंचा तो परिजन उसे सरकारी अस्पताल ऊना ले गए। यहां उसे प्राथमिक उपचार देने के उपरांत पीजीआई रेफर कर दिया। उपचार के दौरान ही 11 सितंबर को उसकी मौत हो गई।